बहादुरगढ़। पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्पित जैन के निर्देशानुसार थाना साइबर सेल झज्जर की ओर से मैरी कॉलेज इंजीनियरिंग व टेक्नोलॉजी आसंडा में विद्यार्थियों व अध्यापकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया।
कॉलेज प्रो.मीणा, संजीव मीणा, हितेश व अन्य ने अधिकारियों का स्वागत किया। साइबर थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार की टीम ने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर क्राइम के बारे में और उनके बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप, फेसबुक पर आपके जानकार का फोटो लगाकर अगर कोई आपसे पैसा मांगता है तो पहले अपने रिश्तेदार से फोन पर बात जरूर करें ताकि सच्चाई पता चल सके। ऑनलाइन बिटकॉइन में इन्वेस्टमेंट करने से बचे। अगर आपका फोन चोरी हो जाता है तो सबसे पहले अपने मोबाइल नंबर को बंद करवाए। इसके बाद बैंक में जाकर उस नंबर को खाते से हटवा दें। घर बैठे पैसे कमाने के लालच से बचें व ऐसे विज्ञापन जिसमें पहले आपको 100 से 500 का रिवॉर्ड देकर आपको झांसे में फंसाया जाता है फिर आपकी मेहनत की रकम को ऐंठ लिया जाता है इनसे बचे। अगर हम सभी अनजान कॉल और मैसेज से बचने लगेंगे तो साइबर अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। हम कई बार अपने थोड़े-थोड़े पैसों के लालच में आकर साइबर ठगों के द्वारा रचाए गए षड्यंत्रों में फंस जाते हैं। अब हमें आवश्यकता है कि हम अपने आप को साइबर अपराध के बारे में जागरूक रखें तभी साइबर अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। फिर भी अगर आप साइबर फ्रॉड के शिकार हो जाते हैं तो 1930 पर कॉल करके शिकायत कर सकते हैं।