झज्जर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि मंडल आयुक्त संजीव वर्मा 23 अगस्त को चुनाव से संबंधित अधिकारियों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची के पुनः निरीक्षण कार्य से संबंधित आपत्तियों को भी सुनेंगे। बैठक लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित की जाएगी। दोपहर दो बजे बैठक शुरू होगी व मीटिंग के उपरांत मंडल आयुक्त पोलिंग स्टेशन का दौरा भी करेंगे। डीसी ने कहा कि कोई भी राजनीतिक पार्टी का प्रतिनिधि या फिर आम व्यक्ति इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित विषय को लेकर मंडल आयुक्त से मुलाकात कर सकता है। उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव का ऐलान होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। जिले में प्रभावी ढंग से आदर्श आचार संहिता को लागू किया गया है। राजनीतिक पार्टियों, उनके प्रतिनिधियों, समर्थकों व आम जनता से अपील है कि आदर्श आचार संहिता की पालना करते हुए पारदर्शी, निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव कराते हुए लोकतंत्र को और मजबूत बनाएं।