बादली। खेल मंत्री और महिला कोच विवाद को लेकर रविवार को यहां गुलिया खाप की पंचायत हुई। पंचायत में धनखड़ खाप के युद्धवीर सिंह ने कहा कि हमारी बेटी का चरित्र पूरी तरह से साफ है। इसलिए उसने मंत्री को थप्पड़ भी मारा था, लेकिन खेल मंत्री की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। बेटी के चरित्र की जांच के लिए सरकारी एजेंसी भरोसेदायक नहीं हैं, लेकिन सामाजिक तौर पर बेटी का चरित्र जांचा जा सकता है। धनखड़ खाप की ओर से पंचायत में कहा गया कि पूरे मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों और सेवानिवृत्त न्यायाधीशों से होनी चाहिए, जिसमें सामाजिक लोगों को भी शामिल किया जाए। बादली के चौधरी धीरपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में हुई गुलिया खाप की पंचायत में धनखड़ खाप की ओर से गुलिया खाप से सहयोग मांगा गया, ताकि सरकार के खिलाफ लड़ाई मजबूती से लड़ी जा सके। युद्धबीर धनखड़ ने कहा कि लड़ाई खेल मंत्री के साथ थी, लेकिन सरकार जिस प्रकार से बचाव कर रही है उससे अब यह लड़ाई सरकार के खिलाफ हो गई है। महिला खेल कोच किसी एक खाप और समुदाय की नहीं है। महिला के सम्मान की रक्षा करना समाज और हर व्यक्ति का कर्तव्य है, जबकि महिला खेल कोच तो बादली हलके और झज्जर जिले की बेटी है। ऐसे में सामाजिक लोगों का दायित्व बनता है कि वह बेटी को न्याय दिलवाने में हर संभव मदद के लिए तैयार रहें। पंचायत में दिल्ली की खाप पंचायतों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया है। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए गुलिया खाप के प्रधान विनोद बादली ने कहा कि महिला खेल कोच के पक्ष में कोई भी कदम उठाने में गुलिया खाप पीछे नहीं रहेगी और जब तक खेल मंत्री को बर्खास्त नहीं किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो खाप की ओर से भी कठोर कदम उठाया जा सकता है। पंचायत में अहलावत, सिवाच, बिरहोड़, पचगांव, चाहार और किन्हा खापों के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। गुलिया खाप की पंचायत में होशियार सिंह, युद्वबीर धनखड़, बिल्लू कादयान, पहाड़ीपुर से सुरेंद्र सिवाच, बिरहोड़ से कपूर सिंह, पचगांव से रोशन प्रधान, छारा से भुंडू प्रधान, राकेश चाहार, किन्हा खाप से कृष्ण मौजूद रहे।