झज्जर। बादली से विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि यह सरकार कहती कुछ है और करती कुछ है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ अपने राज में पांच साल में विकास के दावे करते हैं, लेकिन पिछले पांच साल में विकास कराने की बजाय रुकवाने का काम किया गया।
वह शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी बीएंडआर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मेरे खेत खलियान योजना के लिए मांग मांगी गई थी। हमने 25 किलोमीटर के 29-30 गांवों के रास्ते भेजे थे। इसमें बादली हलके के दो गांव सलौधा और माजरा लिए गए। सलौधा में एक करोड़ तीन लाख और माजरा में 62 लाख 50 हजार रुपये के काम मंजूर हुए। पैसा भी आया और पत्र भी उनके पास आया। दोनों गांव के सरपंचों को भी जानकारी दी गई। इसके पांच दिन बाद सीएम कार्यालय से पत्र जारी हुआ कि 13, 14, 21 व 22 नंबर संख्या के काम जिसमें सलौधा व माजरा के लिए जारी हुए पैसे वापस मंगवा लिए गए। यह बादली हलके के साथ विश्वासघात किया गया है।
वह सीएम कार्यालय में गए तो अधिकारियों ने बताया कि उनके कार्यों को रुकवाया गया है। वह ओमप्रकाश धनखड़ से पूछना चाहते हैं कि क्या बादली की जनता ने आपका बुरा किया है, जो हलके के कार्यों को रोका गया है। उन्होंने बताया कि उनको 25 करोड़ रुपये की ग्रांट रोड के लिए मिली। इस्माइलपुर गांव की सड़क के लिए टेंडर भी छोड़ा गया। टेंडर छोड़े 7 से 8 माह हो गए हैं और उस टेंडर को लटकाया जा रहा है। बुपनिया गांव के लिए पैसा मंजूर कराया और काम का टेंडर जारी हो गया। वहां भी काम शुरू होने नहीं दिया जा रहा। इसी प्रकार लुहारी गांव के लिए एक करोड़ 62 लाख मंजूर कराए। एक रास्ता बन गया, लेकिन गांव की फिरनी और श्मशान घाट का रास्ता नहीं बनने दिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके हलके के कार्यों को रोकने का काम किया जा रहा है। वह जल्द ही बड़ा खुलासा भी करेंगे।