झज्जर। पुलिस लाइन में सोमवार को जवानों की परेड का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस उपायुक्त झज्जर लोगेश कुमार ने परेड की सलामी ली। सलामी के उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों को वर्दी पहनने का तरीका व अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अपने-अपने तैनाती क्षेत्र में प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें।
परेड का निरीक्षण करने के पश्चात पुलिस उपायुक्त ने डायल 112 की गाड़ियों व राइडर का निरीक्षण किया व उन पर तैनात कर्मियों की कार्य कुशलता व दक्षता की भी जांच की। इसके बाद उन्होंने तैनात कर्मचारियों को कहा कि डायल 112 की पहली प्राथमिकता घटनास्थल पर पहुंचने की होनी चाहिए। इसके बाद आवश्यकता के अनुरूप टीम के सदस्यों को पहल कर लोगों को सुविधाएं मुहैया कराई जानी चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय या किसी अन्य वाहन में सफर के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। अपने एरिया के मौजिज गणमान्य व्यक्तियों के साथ सौहार्दपूर्ण तालमेल बनाकर रखें। गांव अथवा शहर में अपने बच्चों से पीड़ित बुजुर्गों की हर संभव मदद करते हुए उनका हक व सम्मान दिलाने का काम करें। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त या अपराधियों से संबंध रखने वाले नवयुवकों पर निगाह रखें। शराब व नशे के अवैध धंधे में लिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी निगाह रखें। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं व सुविधाओं बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन एरिया में साफ सफाई व स्वच्छता बनाए रखने को कहा। इस अवसर पर एसीपी शमशेर सिंह भी मौजूद रहे।