गांव दादनपुर में दिनेश बेनीवाल की अंतिम यात्रा में सलामी देते हुए पुलिस के जवान।
झज्जर। सोनीपत में नेशनल हाइवे-44 पर कुंडली के पास कार-ट्रक की टक्कर में दादनपुर निवासी एवं दिल्ली पुलिस में इंस्पेक्टर दिनेश बैनीवाल सहित दो पुलिस कर्मियों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर को मृतक के शव को उसके पैतृक गांव दादनपुर लाया गया, जहां दिल्ली पुलिस ने सलामी देकर अंतिम विदाई दी।
गांव दादनपुर में दिनेश बैनीवाल पंचतत्व में विलीन हो गए। मृतक दिनेश के छोटे भाई प्रदीप बेनीवाल ने उनको मुखाग्नि दी। इस दौरान दिल्ली पुलिस की टुकड़ी ने मृतक दिनेश को सलामी दी जबकि अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित किए। गौरतलब है कि सोनीपत के कुंडली में बीती देर रात हादसा हुआ था। दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर दिनेश व साथी रणबीर की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। इंस्पेक्टर दिनेश नॉर्थ वेस्ट में स्पेशल स्टॉफ व इंस्पेक्टर रणवीर दिल्ली आदर्श नगर थाने में तैनात थे। गांव के सरपंच जयभगवान ने कहा कि मृतक दिनेश व उसका परिवार को नेकदिल व मिलनसार है। गांव से बाहर होने के बाद भी दिनेश गांव की सामाजिक कार्यों में रूचि लेता था। मृतक अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। गांव में इतना दुख की किसी परिवार में चूल्हा तक नहीं जला। हर किसी को दिनेश का जाने का गम साफ दिख रहा था।