विधायक राजेंद्र जून से मिलते सामाजिक संस्थाओं का प्रतिनिधिमंडल।
बहादुरगढ़। शहर की सामाजिक संस्थाओं का प्रतिनिधिमंडल विधायक राजेंद्र जून से मिला। विधायक को बताया कि बहादुरगढ़ की सरकारी सब-डिविजनल लाइब्रेरी किला मोहल्ला में स्थित है। वह बंद है। लाइब्रेरी के बंद होने का कारण वर्षों पहले यहां कार्यरत लाइब्रेरियन के रिटायर्ड होने के बाद किसी नये लाइब्रेरियन को नहीं लगाया गया। इस विषय पर उन्हें ज्ञापन दिया गया है।
पदाधिकारियों ने उन्हें अवगत करवाया कि यहां किताबें ताले में बंद होने के कारण खराब हो रही हैं। सरकार से नई किताबें भी हर वर्ष आ रही हैं जो डिब्बों में बंद पड़ी रहती हैं। एक ओर तो मूल्यवान किताबें खराब हो रही हैं और दूसरी ओर बहादुरगढ़ व आसपास के दर्जनों गांव नया गांव, सराय औरंगाबाद, परनाला, बामनोली बराही, जाखोदा, आसौदा, सिद्धिपुर, लोवा माजरा, नूना माजरा, डाबोदा समेत अन्य लाइब्रेरी सुविधा से वंचित हैं।
लाइब्रेरी में आने वाले अखबार व पत्रिकाएं बेकार पड़ी रहती हैं। यहां राजकीय महिला कालेज की स्थापना शाखा में लाइब्रेरी स्टाफ के पद खाली पड़े है। सरकार को इसे चलाने में कोई खास व्यय भी करना नहीं पड़ेगा। प्रतिनिधिमंडल में सीनियर सिटीजन क्लब की ओर से हरिकिशन दहिया, नागरिक संभावना समिति से धनराज तहलान, ब्रह्म सेवा समिति से दिनेश खोखर, इक अहसास से सत्येंद्र दहिया, जनता जनार्दन सेवा समिति से सतवीर सिंह शामिल रहे।