बहादुरगढ़। झज्जर रोड स्थित उत्तम कॉलोनी के निवासी एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले में 174 के तहत कार्रवाई की गई है।
मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई है। जितेंद्र पेशे से फल विक्रेता था। यहां उत्तम कॉलोनी का निवासी था। जानकारी के अनुसार, वीरवार को परिजन कहीं गए हुए थे। जब लौटे तो जितेंद्र फंदे पर लटका नजर आया। देखा तो सांस थम चुकी थी। अस्पताल ले गए तो चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। सूचना पाकर सिटी थाने से पुलिस अस्पताल में पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। बयान के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी संदीप कुमार का कहना है कि उत्तम कॉलोनी में एक व्यक्ति का शव फांसी पर लटका मिला था। परिजनों ने किसी तरह की शंका नहीं जताई है। मानसिक परेशानी की बात कही जा रही है। उस आधार पर फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।