बहादुरगढ़ पुलिस ने दुर्गा कॉलोनी में एक कार से चारों को पकड़ा है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। 15 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। तीन आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेजा है। सरगना सन्नी रिटौली चार दिन के रिमांड पर है। आरोपियों पर हिमांशु भाऊ के रिश्तेदार की हत्या का आरोप है।
सीआईए-2 बहादुरगढ़ पुलिस ने हिमांशु भाऊ के एंटी गैंगस्टर सन्नी रिटौली को तीन गुर्गों के साथ गिरफ्तार किया है। उनके पास हथियार और कारतूस बरामद हुए। आरोपी किसी बड़ी वारदात को करने की फिराक में थे।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार की रात दुर्गा कॉलोनी में एक कार से गिरफ्तार किया। शनिवार को चारों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से तीन को जेल भेज दिया गया जबकि गैंग के सरगना सन्नी को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी से और कई वारदात का खुलासा हो सकता है। आरोपियों पर कई जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास और अवैध हथियारों के कई मामले दर्ज हैं। मामले का खुलासा डीसीपी मयंक मिश्रा ने पत्रकार वार्ता में किया।
डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि एसीपी क्राइम प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सीआईए-2 इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार की टीम ने कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि कई अपराधी ड्रेन रोड पर दुर्गा कॉलोनी के पास मौजूद हैं। वे हथियार लिए हुए हैं और किसी का इंतजार कर रहे हैं। टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक स्कोडा गाड़ी नजर आई। गाड़ी में चार युवक सवार थे। टीम ने उनको गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चार अवैध पिस्तौल और 15 कारतूस बरामद हुए। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों के खिलाफ लाइनपार थाने में अवैध हथियार के तहत केस दर्ज हुआ है।
विज्ञापन
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सन्नी, रवींद्र निवासी रिटौली (रोहतक), अमन निवासी नौनंद (रोहतक) और दिनेश उर्फ गोगा निवासी निजामपुर माजरा, सोनीपत के रूप में हुई है। गांव में ही एक दूसरे से रंजिश चल रही है। अब सन्नी और उसके तीन साथियों को बहादुरगढ़ सीआईए ने काबू किया है। सन्नी पर सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं जबकि रवींद्र उसके साथ सभी वारदातों में शामिल रहा है। रवींद्र पर 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी दिनेश पर भी हत्या व हत्या के प्रयास सहित अन्य केस हैं।
पुलिस ने सन्नी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पूछताछ में वारदातों और हथियारों के बारे में भी सुराग लगने की उम्मीद है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि सन्नी और उसके साथियों द्वारा कुछ समय पहले मध्य प्रदेश से हथियारों की खेप लाई गई थी। इनमें से काफी हथियार रोहतक और झज्जर की पुलिस बरामद कर चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटौली की ओर से एक-दूसरे के रिश्तेदारों की हत्या भी की गई है।