फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झज्जर: भाजपा नेता जगदीश नंबरदार के आत्महत्या मामले में SI अश्वनी निलंबित, आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगी टीमें

Sat, 14 Jan 2023 11:31 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़ (हरियाणा)

सार

शनिवार को इनेलो पक्ष और जेजेपी नेताओं ने पत्रकार वार्ता की। वहीं जगदीश के बेटे गौरव ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एएसपी अमित यशवर्द्धन का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। 
विज्ञापन
पत्रकारों से बातचीत करते जजपा के हलका अध्यक्ष संजय दलाल व सनवीर दलाल। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के बहादुरगढ़ में पूर्व मंत्री स्व. मांगेराम राठी के पुत्र एवं भाजपा नेता जगदीश नंबरदार की आत्महत्या के मामले में एफआईआर में दर्ज छह आरोपियों में से पांच फरार हैं, जबकि नामजद एक आरोपी पुलिसकर्मी एसआई अश्वनी कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उधर, जगदीश के बेटे गौरव ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एएसपी अमित यशवर्द्धन का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। 

विज्ञापन


मृतक का बेटा बोला, अब तक एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं
जगदीश के बेटे गौरव ने अब तक मामले में ठोस कार्रवाई न होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए एसआईटी गठित की गई थी, लेकिन कई दिन बीतने के बाद मामले में एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।

गौरव राठी ने कहा है कि उनके पिता को पिछले कुछ वर्षों से पूर्व विधायक नफे सिंह राठी, उनका भांजा अजय दलाल उर्फ सोनू, को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व एमडी महेंद्र सिंह राठी हमारी पुश्तैनी जमीन व घर पर कब्जा करने की धमकी दे रहे थे। उनकी तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए। एएसपी अमित यशवर्द्धन का कहना है कि जगदीश नंबरदार आत्महत्या के मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार जुटी हुई है। कई टीमें बनाई गई हैं।
विज्ञापन


आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही हैं। अभी सभी फरार हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल एफआईआर में नामजद अश्वनी कुमार को निलंबित कर दिया गया है। 

एक सप्ताह में गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाने का घेराव करेगी जजपा 
पूर्व मंत्री स्व. मांगेराम राठी के पुत्र एवं भाजपा नेता जगदीश नंबरदार की आत्महत्या के मामले में राजनीतिक खींचतान अब तेज हो गई है। शनिवार को विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता के दौरान जजपा के हलका अध्यक्ष संजय दलाल ने इस मामले में मुख्य आरोपी की एक सप्ताह के अंदर गिरफ्तारी न होने पर थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है। 

वहीं, जजपा नेता सनवीर दलाल ने खुद पर लगे ऑडियो वायरल करने के आरोपों को भी झूठा बताया है। नफे सिंह पर लगे आरोपों पर पर्दा डालने के लिए जजपा को मोहरा बनाया जा रहा है। पार्टी नेता संजय दलाल ने कहा कि एक दिन पहले की प्रेस वार्ता में अभय सिंह चौटाला ने स्वयं कहा था कि नफे सिंह पुलिस की जांच में शामिल होंगे, लेकिन अब तक ऐसा हुआ नहीं।

जजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सनवीर दलाल ने कहा कि अब खुद मुझे ही नफे सिंह से जान का खतरा है। वह एसपी को इस संबंध में शिकायत देकर सुरक्षा की मांग करेंगे। कहा कि कल को यदि मेरे या मेरे परिवार के साथ कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार नफे सिंह राठी होंगे। 

सीबीआई से कराई जाए मामले की जांच : कपूर सिंह 
भाजपा नेता जगदीश राठी की आत्महत्या के मामले में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी पर लगे आरोप भतीजे कपूर राठी ने निराधार बताए। उन्होंने जगदीश राठी द्वारा उठाया गया कदम आत्महत्या के बजाय गहरी राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। राठी ने कहा कि जगदीश राठी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उनकी राजनीतिक हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो की शिकायत उनकी तरफ से शहर थाना प्रभारी को लिखित में दी गई थी, जिसमें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निवेदन किया गया था, जिस पर स्थानीय एसएचओ ने आश्वासन भी दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

वहीं पार्षद जितेंद्र राठी ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। तभी मामला पूरी तरह साफ होगा और निर्दोष भी फंसने से रह जाएंगे। अगर सही कार्रवाई नहीं होती है तो वह न्यायालय की शरण में जाएंगे। जगदीश राठी के परिवार के साथ हमारा कभी भी किसी तरह का जमीन विवाद नहीं रहा है। हम पुलिस की जांच में हर तरह का सहयोग करेंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें