सौंधी गांव के पास मंगलवार की दोपहर एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल सवार बदमाश रुपये से भरा थैला लूट ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरुखनगर ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर झज्जर से डीएसपी और दुलीना पुलिस चौकी के प्रभारी मौके पर पहुंचे।
फरुखनगर का निवासी दयाराम मोटरसाइकिल से लाडपुर आया था। वापसी के दौरान वह गांव सौंधी के नजदीक से गुजर रही ड्रेन के पास शौच के लिए रुका। इस दौरान दयाराम ने अपना बैग मोटरसाइकिल पर रख दिया। बैग में 90900 रुपये थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर दो युवक आए और रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले। दयाराम ने शोर मचाया तब तक वे निकल गए। सूचना पर फरुखनगर पुलिस मौके पर पहुंची मगर मामला झज्जर जिले का होने के चलते कुछ नहीं कर सकी और सूचना झज्जर पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही डीएसी झज्जर राजीव कुमार, दुलीना पुलिस चौकी इंचार्ज रुपेश कुमार व सीआईए स्टाफ के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। दयाराम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
लूटपाट की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अज्ञात बाइक सवार युवकों पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं, दुलीना चौकी प्रभारी रुपेश का कहना कि दयाराम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें जांच के लिए जुट गई है। झज्जर पुलिस को सूचना देने से पहले दयाराम ने फरुखनगर पुलिस को घटना की सूचना दी, जिस पर फरुखनगर से पुलिस मौके पर पहुंची मगर मौका देखने के बाद घटना को झज्जर जिले की पुलिस का मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया। इसी दौरान झज्जर पुलिस को सूचना देने में काफी समय लग गया और लुटेरे भागने में कामयाब हो गया। हालांकि सूचना मिलते ही झज्जर से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लुटेरों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी।