स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर दादरी तोए गांव के मेडिकल स्टोर से 12 एमटीपी किट बरामद की हैं। विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। वहीं मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश धनखड़ को सूचना मिली थी कि दादरी तोए गांव में गुलिया मेडिकल स्टोर पर अवैैध रूप से एमटीपी किट की बिक्री की जा रही है। इस पर वीरवार को उप सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।
वहीं एक डिकॉय कस्टमर तैयार किया गया, जिसके 100-100 के छह नोट देकर भेजा गया। डिकॉय कस्टमर ने जैसे ही गुलिया मेडिकल स्टोर से पैसे देकर एमटीपी किट ली तो टीम ने रेड कर दी। वहीं इस रेड में आरोपी के पास से टीम द्वारा फर्जी कस्टमर को दिए गए हस्ताक्षरयुक्त नोट बरामद हो गए।
वहीं टीम ने जब मेडिकल स्टोर में छानबीन की तो उन्हें 12 एमटीपी किट वहां पर मिली, जिन्हें अपने कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित की गई टीम में एमओ डॉ. सरिता गौरी, डॉ. विकास पाटौदा, डीसीओ संदीप हुड्डा, विनोद कुमार एसए और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विनोद शामिल रहे।
डॉ. नरेश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दादरी तोए के गुलिया मेडिकल स्टोर पर एमटीपी किट बेची जा रही हैं, जिस पर उन्होंने डिकॉय कस्टमर की मदद से वीरवार को रेड की तो स्टोर से उन्हें 12 एमटीपी किट बरामद हुईं, जिस पर आरोपी के खिलाफ दुलीना चौकी में मामला दर्ज करवाया गया है।
दुलीन चौकी इंचार्ज एएसआई रूपेश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर मेडिकल स्टोर संचालक सुनील के खिलाफ एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।