हरियाणा के बहादुरगढ़ में सोमवार दिनदहाड़े दिल्ली से बैग में 7 लाख रुपये लेकर जमा कराने पहुंचे युवक से पांच बदमाश युवक से लूटकर फरार हो गए। आधुनिक औद्योगिक पुलिस चौकी (एमआईई) से महज 30 मीटर दूर टिकरी बॉर्डर पर वारदात को अंजाम दिया गया। युवक पर चाकू से हमला भी किया गया। घायल को शहर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। एसपी वसीम अकरम समेत डीएसपी अरविंद दहिया और शहर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे।
दिल्ली के नांगलोई क्षेत्र का रहने वाले मुकेश टिकरी बार्डर पर पीवीसी मार्केट में एक मनी ट्रांसफर की दुकान पर काम करता है। यह दुकान आशीष की है। आशीष दिल्ली का रहने वाला है। घायल मुकेश ने बताया किवह प्रतिदिन की तरह वह सोमवार को भी पैसा इकट्ठा होने के बाद दिल्ली में मुंडका की तरफ पैसे जमा कराने पहुंचा था।
जहां पर सर्वर में खराबी आने के कारण वह बहादुरगढ़ में एमआइई में स्थित बैंक ऑफ इंडिया में दोपहर के समय करीब ढाई बजे 7 लाख रुपये जमा कराने पहुंचा। यहां पर बैंक के बाहर दो मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। जबकि दो अन्य सड़क पर खड़े थे।
पहले से खड़े बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसके हाथ से पैसों का बैग छीनते हुए बाइक पर बैठकर बहादुरगढ़ शहर की तरफ फरार हो गए। युवक को पैर के ऊपरी हिस्से पर दो जगह चाकू मारे गए। घायल अवस्था में उसे शहर के आरजे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुकेश ने बताया आरोपियों के हाथ में पिस्तौल भी थी। बदमाशों के मुंह ढके हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही आधुनिक औद्योगिक चौकी पुलिस, शहर थाना प्रभारी, डीएसपी अरविंद दहिया मौके पर पहुंचे। एसपी वसीम अकरम भी बहादुरगढ़ पहुंचे। अधिकारियों ने बैंक पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।
बैंक सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए पांचों आरोपी
घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नजर आ रहे है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। एक बाइक पर तीन आरोपी बैठे हैं जबकि दूसरी पर दो। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जिस युवक से लूटपाट हुई है वह उनके बैंक का रेगुलर कस्टमर नहीं है। पहली बार ही यहां पहुंचा। दोपहर के समय लंच चल रहा था। उस दौरान यह घटना हुई है। सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दे दी गई है।
-रोहित हुड्डा, बैंक मैनेजर
घटना में युवक से 7 लाख रुपये लूट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। उसके आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उनकी पहचान करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अरविंद दहिया, डीएसपी, बहादुरगढ़।