झज्जर रोड के नजदीक लगती कुबेर इंकलेव में जूते के टैग (फीते) बनाने की लघु फैक्टरी में संदिग्ध कारणों के चलते आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया। इलाज के दौरान उसने रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना को इत्तफाक मानकर कार्रवाई की है। इस घटना में फैक्टरी मालिक को काफी आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
कुबेर इंकलेव में काफी दिनों से सुुभाष जूतों के टैग (फीते) बनाने का कार्य बनाने का कार्य करता है। रेशमी धागों के इस कार्य में शिव रत्तन उर्फ पप्पू भी कार्य करता था। कई दिनों पहले ही उसने यहां काम करना बंद कर दिया था। बृहस्पतिवार अल सुबह जब सुभाष की फैक्टरी के अंदर से लगी आग से धुआं ही धुआं बाहर निकला तो अंदर से एक युवक के चिल्लाने की आवाज पड़ोसियों को सुनाई दी। दरवाजे बंद होने के कारण खुल नहीं पाए। जब यहां के निवासियों ने संचालक सुभाष व उसके परिवार के सदस्यों को इसके बारे में बताया तो वे तुरंत दौड़े। आग की लपटें तेज होने के कारण फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।
किसी तरह से दरवाजे तोड़े गए और अंदर जाकर देखा तो एक कोने में शिव रत्न झुलसी अवस्था में गंभीर मिला। सुभाष उसे तुरंत इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लेकर दौड़ा। यहां प्राथमिक इलाज के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक यूपी का निवासी था। कई साल से वह बहादुरगढ़ में ही रहता था। आग शार्ट-सर्किट से लगी है या फिर किसी ने लगाई है इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। शिवरत्न की मौत को लेकर घटना को इतफाक मानकर कार्रवाई की है। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक सत्यवान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया।