हरियाणा के झज्जर में ड्रेन नंबर-8 के पास एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों ने एक सुसाइड नोट भी पुलिस को सौंपा है, जिसमें परिजनों ने मृतक की पत्नी व एक अन्य व्यक्ति पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर मृतक की पत्नी सहित दो के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जहांगीरपुर हाल अमर कॉलोनी झज्जर निवासी बलवान सिंह ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह अपने छोटे लड़के संदीप और लड़की सुनीता के साथ झज्जर में रहता है। उसका बड़ा लड़का मनोज गांव में रहता है। उसके लड़के संदीप की शादी हांसी के कुलाना गांव निवासी कविता के साथ हुई थी।
कविता ने तीन साल पहले श्याम मंदिर के सामने (पुराने बस स्टैंड) ब्यूटी पार्लर की दुकान की थी। यहां पर धौड गांव निवासी प्रदीप राज्याण उर्फ सीटू की पत्नी पूनम का आना जाना था। इस दौरान कविता का पूनम के पति प्रदीप से मेलजोल हुआ और बातचीत शुरू हो गई। उन्होंने प्रदीप को ऐसा करने से मना किया, जिस पर प्रदीप ने जान से मारने धमकी भी दी।
बलवान ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कविता भी साथ थी। इन लोगों ने उसके बेटे संदीप के साथ हाथापाई भी की। मृतक के पिता ने बताया कि उनको एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें संदीप ने प्रदीप राज्याण को पांच लाख रुपये उधार देने की बात लिखी है। साथ ही यह भी लिखा है कि यह राशि जब संदीप ने मांगी तो प्रदीप ने पूरे परिवार को मारने की धमकी दी।
उसने आरोप लगाया कि प्रदीप और कविता से परेशान होकर उसके बेटे ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शव गृह पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के पिता बलवान की शिकायत पर मृतका की पत्नी कविता और प्रदीप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मौके पर एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
संदीप की आत्महत्या के मामले में दो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने सुसाइड नोट भी दिया है, जिसमें पैसे का लेन-देन भी लिखा है। सुसाइड नोट की जांच करवाई जाएगी।
-रमेश कुमार, एएसआई, सदर थाना, झज्जर