कसार बाईपास पर बेखौफ बदमाशों ने कार सवार दो पुलिस कर्मियों व एक अन्य को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर लूट लिया। पुलिस को जब इसके बारे में पता चला तो वह घटनास्थल की ओर दौड़ी, लेकिन तब तक लुटेरे वारदात को अंजाम देकर भाग चुके थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोहतक के आदर्श नगर के रहने वाले अनिल व सिविल लाइन थाना रोहतक में कार्यरत दो पुलिसकर्मियों पंकज व नफे सिंह के साथ अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर किसी आपराधिक केस के सिलसिले में दिल्ली गए थे। जब तीनों वापस बहादुरगढ़ के रास्ते रोहतक लौट रहे थे तो रात 10 बजकर 40 मिनट पर जब वे सेक्टर 16-17 के नजदीक पहुंचे तो उसी दौरान अनिल की कार में कुछ टकराने की आवाज आई। उसने कार को रोका तो दोनों पुलिसकर्मी भी नीचे उतरे।
आरोप है कि जब तीनों कार को चेक करने लगे तो उसी दौरान वहां पर 6-7 युवकों ने उन्हें घेर लिया। सभी के हाथों में हथियार थे। उन्होंने उनके हाथ ऊपर करवाते हुए पिस्तौल तान दी और बाद में वे सड़क से नीचे लगते खेतों में ले गए। जहां उन्हें बंधक बनाया और लूटपाट की। पीड़ित अनिल ने बताया कि उसकी सोने की अंगूठियां, 45 हजार की नकदी साथ ही मोबाइल फोन भी लुटेरों ने छीन लिया। सहायक उप निरीक्षक पंकज से पर्स ले लिया, जिसमें उसकी आईडी भी थी। यही नहीं नफे सिंह से उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। बदमाशों से घिरा देखकर पुलिसकर्मी भी सहम गए और उनकी एक न चली। जिस समय वारदात हुई उस दौरान बहादुरगढ़ बाईपास पर भी ज्यादा वाहनों का आना जाना नहीं था। ऐसे में मौका पाकर ही उन्होंने खेतों में ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने गाड़ी को नहीं छीना।
पहचान में जुटी पुलिस
आरोपियों के बारे में अभी पता नहीं लगा है, लेकिन पहचान के प्रयास जारी है। साइबर सेल की मदद से भी मामले को ट्रेस करने में हम जुटे हैं। जल्द ही आरोपी हिरासत में होंगे।
विष्णु प्रसाद, निरीक्षक, थाना शहर प्रबंधक।