झज्जर मोड़ चौक के नजदीक क्रूजर से उतरी एक महिला से बाइक सवार दो युवकों ने 20 हजार रुपये छीन लिए। उक्त पैसे महिला ने थैले में बैंक की पासबुक में रखे हुए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के लोग भी हैरान हो गए। बाद में थाना शहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित महिला से जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
गांव बुपनिया निवासी सुमित्रा शनिवार को रेलवे रोड स्थित एक बैंक में 20 हजार रुपये जमा कराने बहादुरगढ़ आई थी। जब वह झज्जर मोड़ चौक के नजदीक स्टैंड के पास क्रूजर से उतरी तो इसी दौरान किराया देने के लिए उसने थैली से पैसे निकाले तो उसी वक्त काले रंग की एक बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे और मौका पाकर उसके हाथ से रुपयों से भरी थैली झपट ली। सुमित्रा ने बताया कि थैली में 20 हजार रुपये रखे हुए थे। उक्त रुपयों को उन्होंने खाते में जमा करवाना था।
पुलिस का खौफ नहीं
शनिवार दोपहर को जिस वक्त यह घटना हुई, उस दौरान दिल्ली-रोहतक रोड पर ट्रैफिक पुलिस के जवान और होम गार्ड्स भी रोड पर ड्यूटी दे रहे थे, लेकिन रुपये छीनकर दिल्ली की तरफ भागे बाइक सवार को पकड़ने वाला कोई नहीं दिखा। महिला के शोर मचाने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस का इस ओर ध्यान नहीं गया। ऐसे में मौका पाकर युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
पहले भी हो चुकीं वारदात
शहरी क्षेत्र में स्नैचिंग की वारदात पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से फिर भी कोई खास ध्यान नहीं दिया जा रहा। कुछ रोज पूर्व झज्जर रोड पर जुलाना के एक पशु व्यापारी से बाइक सवार तीन युवकों ने 32 हजार रुपये छीन लिए थे, लेकिन यह वारदात भी अभी तक अनट्रेस है। सेक्टर-6 में सऊदी एयरलाइंस की एयर होस्टेस से भी बाइक सवार युवकों ने पर्स छीन लिया था। उसमें उसका पासपोर्ट, कुछ भी बाइक सवार युवकों ने ऑटो से उतरते समय उसका पर्स छीन लिया था। इसके अलावा कई अन्य वारदात भी हो चुकी हैं, लेकिन स्नैचिंग और लूटपाट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रहीं।