गांव खेड़ी सुल्तान में सोमवार सुबह एक प्लॉट में अधेड़ का शव मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही पूर्व सैनिक पर आरोप लगाया है। मामले की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। गांव खेड़ी सुल्तान में सोमवार अलसुबह 50 वर्षीय महीपाल का शव उसके प्लाट में परिजनों को पड़ा हुआ मिला था। बाद में महीपाल के भाई ने ही अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप गांव के ही पूर्व सैनिक नरेश पर लगाया है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक महीपाल के भाई रामबीर ने कहा है कि उसके भाई को आरोपी नरेश रविवार को अपने साथ बाईक पर बैठा कर लेकर गया था। उस समय उसने इस बात का विरोध भी किया था। लेकिन फिर भी उसका भाई महीपाल नरेश के साथ बाइक पर बैठकर चला गया। बाद में यह दोनों गांव में ही उनके प्लाट में बैठे मिले थे। वहां भी उसने दोनों के एक साथ रहने का विरोध किया। इस बात को लेकर उसकी नरेश से कहासुनी भी हुई थी। लेकिन उसे नहीं पता था कि उसके भाई को योजनाबद्ध तरीके से इस प्रकार मार दिया जाएगा। सोमवार दोपहर बाद पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के परिजनों की शिकायत पर नरेश पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दयाचंद, एसएचओ, सदर थाना , झज्जर।