हरियाणा के झज्जर के बेरी क्षेत्र में शहर पुलिस चौकी से महज 10 मीटर दूरी पर दिनदहाड़े स्कॉर्पियों में सवार 4 नकाबपोश युवकों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। युवक ने अपहरण के बाद शोर मचाया लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। स्कॉर्पियों में सवार युवक मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद बेरी एसीपी अनिल कुमार, बेरी थाना प्रभारी अमित कुमार, शहर चौकी प्रभारी सतवीर सिंह व सीआईए की दो टीमें मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे काले रंग की एक स्कॉर्पियों गौशाला मार्ग की तरफ से आई और बीकानेर मिष्ठान भंडार के चौक के पास आकर रूकी और स्कॉर्पियों से 4 नकाबपोश युवक उतरे और एक युवक को गाड़ी के अंदर डाल दिया। युवक शोर मचाता रहा, लेकिन कोई नहीं आया।
युवक का अपहरण करने के बाद स्कॉर्पियों सवार भागलपुरी चौकी की तरफ से फरार हो गए। घटनाक्रम में अभी तक यह खुलासा नहीं हो पाया है कि अपहरण करने वाले कौन थे और किस युवक का अपहरण हुआ है।
जब इस मामले में बेरी एसीपी अनिल कुमार से बात की गई तो उनका कहना था कि स्कॉर्पियों सवार युवकों ने एक युवक के अपरहण की सूचना मिली थी। लेकिन अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि अपहरण किसका हुआ है और अपहरण करने वाले कौन हैं। घटना के आसपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फूटेज चेक की जा रही है।