हरियाणा के झज्जर में स्थित एक निजी स्कूल में मासूम के साथ दरिंदगी करने के मामले में शक की सूई उसके साथियों पर घूम रही है। पुलिस इस संबंध में दोनों पक्षों के बच्चों की दोबारा से काउंसिलिंग कराने की बात कही है। हालांकि रोहतक पीजीआई से अब तक सर्जन की रिपोर्ट नहीं आई है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी।
डीएसपी राहुल देव ने इस मामले में अपने कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है। सीसीटीवी की फुटेज भी देखी जा रही है, हालांकि जिस हिस्से में यह वारदात की बात कही गई है वहां पर उस दिन कैमरे बंद थे।
उनका कहना है कि अब मासूम मानसिक रूप से कुछ ठीक हुआ है। उसने अपने साथ पढ़ने वाले दो बच्चों पर ही इस घटना को अंजाम दिए जाने का शक जाहिर किया है। पीड़ित के बयान के बाद ही पुलिस ने दोनों पक्षों की काउसिंलिग कराए जाने का भी निर्णय लिया है। घटना में कौन शामिल है, यह अभी कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन से इस मामले में उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है। इस मामले में बच्चे के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा रखी है।