मुआयना करते हुए पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फरवरी में रुपये देने का लालच देकर दिल्ली निवासी एक महिला को गांव रूड़ियावास बुलाकर अपहरण और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने की नीयत से उसके शव को सरसों के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। 36 दिन बाद मोबाइल फोन की लोकशन ने हत्या का राज खोल दिया। महिला से अंतिम बार हुई बात के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दिल्ली के मंगोलपुरी क्षेत्र से आई महिला की मोबाइल फोन लोकेशन को खंगाला तो महिला की हत्या का राज खुलता गया। साल्हावास पुलिस मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए रूड़ियावास गांव पहुंची और एक आरोपी को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की। उसने व उसके दोस्त ने दुष्कर्म के बाद महिला का गला घोट कर हत्या करने का राज खोल दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस ने रिमांड के दौरान उससे पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस रूड़ियावास गांव के खेतों में पहुंची और ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ राजाराम की मौजूदगी में शव निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
दिल्ली के मंगोलपुरी क्षेत्र की एक 36 वर्षीय महिला 15 फरवरी को रूड़ियावास गांव आई थी। जब वह घर नहीं लौटी तो उसके भाई ने 28 फरवरी को दिल्ली के मंगोलपुरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर साल्हावास पुलिस थाने में भेजी थी।
पुलिस ने उसी दिन मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी थी। दिल्ली पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन की लोकेशन की जांच की तो आखिरी लोकेशन रूड़ियावास गांव की पाई गई। शक के आधार पर रूड़ियावास के एक व्यक्ति से पूछताछ की तो पता चला कि उसने महिला को गांव के ही महावीर के खेत में मारकर दबाया हुआ है।
महिला की मौत के संबंध में स्थानीय पुलिस ने तुरंत मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। उसके बाद एसपी वसीम अकरम, डीएसपी नरेश यादव, थाना प्रभारी जय भगवान, मातनहेल चौकी इंचार्ज नीतीश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया।