गांव खातीवास में मंगलवार को बीच गली में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने बुधवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। ये संघर्ष पंचायत में समझौते के दौरान ही शुरू हो गया। इसमें 14 लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक पक्ष के युवक ने बताया कि शाम के समय घर के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है। झगड़े को आपसी बातचीत से सुलझाने के लिए सरपंच की अध्यक्षता में पंचायत बुलाई गई, लेकिन दूसरे पक्ष द्वारा पंचायत का उल्लंघन करते हुए वहां भी झगड़ा करना शुरू कर दिया। पंचायत में बैठे सभी लोगों ने दोनों पक्षों को उनके हाल पर छोड़ दिया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने झगड़े के बारे में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। झगड़े में घायल दोनों पक्षों के लोग नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं।
एक पक्ष के युवक ने बताया कि पहले भी इसी बात को लेकर झगड़ा हो चुका है, लेकिन उस समय हुए झगड़े का पंचायत में ही फैसला कर लिया गया था, लेकिन इस बार जो खूनी संघर्ष हुआ है उसमें दोनों पक्षों के 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान पर शिकायत दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
अब तक दोनों ओर से आई शिकायत के अनुसार कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया और दोनों पक्षों से करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।
प्रवीन, दुजाना चौकी इंचार्ज।