बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल में पहुंचे मृतक शीतला प्रसाद के परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक दिन पहले रेलवे पार्क में मिले शव की पहचान हो गई है। मृतक का नाम शीतला प्रसाद है और वह उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरईपार गांव का रहने वाला था। मृतक 6 अक्तूबर को लाइनपार में रहने वाली अपनी मौसी के यहां आने के लिए घर से निकला था। तब से वह न तो घर पहुंचा और न ही अपनी मौसी के पास। 12 अक्तूबर को उसका शव रेलवे पार्क में मिला। वहीं शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
बता दें कि मृतक की पहचान करीब 34 वर्षीय शीतला प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था। 6 अक्तूबर को अपने घर जौनपुर के गांव बरईपार से निकला था। अगले दिन सात अक्तूबर को ट्रेन में बैठकर यहां बहादुरगढ़ के शंकर गार्डन में रह रही अपनी मौसी अनीता के पास आया था।
मौसी ने उससे आने का कारण पूछा तो कहने लगा कि यहां काम करुंगा। फिर खाना खाने के बाद निकला और दोबारा नहीं लौटा। इन्हें लगा कि वापस गांव चला गया होगा। इसी बीच 12 अक्तूबर की सुबह रेलवे पार्क में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक तौर पर उसकी हत्या ईंट-पत्थर मारकर की गई होना पाया गया। उस समय शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
उस समय शव के पास कोरोना वैक्सीन का सर्टिफिकेट, दसवीं की मार्कशीट, निवास प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज मिले। इस आधार पर राजकीय रेलवे पुलिस ने उसके गांव के प्रधान से संपर्क किया तो उन्होंने उसकी पहचान गांव के शीतला प्रसाद के रूप में की और उसके पिता का नंबर रेलवे पुलिस को दिया। उसके बाद परिजन शुक्रवार को बहादुरगढ़ पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।