अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। डाढ़ी बाना गांव के समीप पिकअप डाला एक कार से टकरा गई। घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई और चालक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे दादरी सिविल अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। आदमपुर पुलिस ने घायल की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में पालड़ी निवासी अभय सिंह ने बताया कि वह अपने पिता के साथ कार में सवार होकर दादरी से गांव पालड़ी जा रहा था। जब वह डाढ़ी बाना गांव के समीप पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो महेंद्रगढ़ की तरफ से एक पिकअप आई और चालक वाली साइड कार को टक्कर मार दी। घटना में अभय को गंभीर चोटें आई हैं। इसके बाद घायल को उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लाया गया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वहां उपचार के बाद घायल को छुट्टी मिल गई और उसने शुक्रवार को आदमपुर पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी और बयान दर्ज कराए। पीड़ित ने पुलिस को पिकअप का नंबर भी बताया है। इसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर चालक का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।