अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। पुलिस की एक टीम ने गश्त के दौरान संदेह के आधार पर एक आरोपी को देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि थाना की एक टीम ने गश्त के दौरान एक आरोपी को अवैध देशी पिस्तौल के साथ काबू किया। उन्होंने बताया कि सतीश निवासी दिल्ली गेट झज्जर ने मंजीत निवासी दिल्ली गेट झज्जर के खिलाफ एक डीजे पार्टी के दौरान हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी देने का मामला अंकित कराया था। उपरोक्त मामले पर कार्रवाई करते हुए मामले के वांछित आरोपी को काबू किया गया। उन्होंने बताया कि थाना शहर झज्जर में तैनात मुख्य सिपाही नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम झज्जर के सिटी एरिया में पूरी मुस्तैदी के साथ गश्त पर तैनात थी। झज्जर के शहरी एरिया में मुस्तैदी से गश्त पर तैनात पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली की मनजीत निवासी दिल्ली गेट के पास हथियार है। वह हथियार के साथ भागने की फिराक में कोसली रोड के एरिया में है। गुप्त सूचना पर सक्रिय होते हुए पुलिस टीम कोसली रोड के एरिया में मौका पर पहुंची। पुलिस टीम द्वारा शक की बिनाह पर एक युवक को काबू किया गया। पकड़े गए युवक की मौका पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद हुआ। अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी की पूछताछ में पहचान मंजीत उर्फ शंकर पुत्र रवि कुमार निवासी वार्ड नंबर 6 दिल्ली गेट झज्जर के तौर पर की गई। उसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।