अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। शादी समारोह से लौट रहे गोठड़ा व झुप्पा निवासी युवकों की कार धनासरी गांव के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके चलते कार सवार युवकों को गंभीर चोटें आईं और इनमें से एक को हिसार के एक अस्पताल में रेफर किया गया। पुलिस ने घायल युवक के बयान पर कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है। घायल युवक ने किराये पर की गई कार के चालक पर शराब के नशे में धुत होकर ड्राइविंग करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए बयान में गोठड़ा निवासी विक्रम ने बताया कि वह अपने भाई प्रमोद के साथ नांधा गांव में आयोजित शादी समारोह में शरीक होने गया था। उन्होंने गांव निवासी एक युवक की केयूवी-100 कार किराये पर ली थी। वह गोठड़ा से पहले झुप्पा गांव गए और वहां से अपने दोस्तों को साथ लेकर नांधा गांव पहुंचे। शादी में कार चालक ने शराब पी। मना करने के बाद भी नशे में कार चलाने लगा। उन्होंने उसे आराम से कार चलाने की बात भी कही, जिसे उसने अनसुना कर दिया। जब वे धनासरी गांव के समीप पहुंचा तो चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। इससे कार असंतुलित होकर पलट गई। घटना में कार सवार सभी नीचे ही दब गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उनको बाहर निकाला। विक्रम ने बताया कि घटना में उन्हें मामूली चोटें आईं लेकिन आगे बैठा उसका भाई प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए भिवानी सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हिसार के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस बयान में विक्रम ने हादसे का कारण चालक की गलती बताई है। इसके आधार पर बाढड़ा थाना पुलिस ने केयूवी चालक पर केस दर्ज कर लिया है।