अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। खेड़ी बूरा निवासी एक व्यक्ति ने गांव के कुछ लोगों पर पहले मारपीट कर घायल करने और फिर अस्पताल आकर धमकी देने का आरोप लगाया है। भिवानी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल पक्ष के बयान पर सदर थाना पुलिस ने छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस बयान में आरोप लगाया कि हमलावरों में से एक ने उसे पिस्तौल दिखाकर धमकी भी दी।
पुलिस को दिए बयान में खेड़ी बूरा निवासी मंजीत ने बताया कि गत 19 फरवरी को वह गांव निवासी युवती की शादी में कन्यादान डालने गया था। इस दौरान एक व्यक्ति ने उसके पैर पर जान बूझकर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद जब वह घर लौट रहा था तो कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान उसे जबरन एक घर में ले जाया गया और जब वहां उसके परिजन पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस बयान में मंजीत ने आरोप लगाया कि जब परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे तो वहां भी उनके साथ मारपीट कर वहां से जाने की बात कही। इसके बाद जब वो वहां से निकले तो एक शख्स ने पिस्तौल तानकर उसे धमकी भी दी। बाद में उपचार के लिए उसे भिवानी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पुलिस ने बयान दर्ज कर शनिवार को छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।