बहादुरगढ़। गांव नीलोठी में सड़क पार करते समय एक व्यक्ति बाइक की चपेट में आ गया। अधिक चोटें आने के कारण व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के भाई के बयान पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नीलोठी निवासी बलवान के तौर पर हुई है।
बलवान गांव में ही एक खेत में चौकीदार था। रविवार को बलवान और उसका भाई सतीश सड़क क्रास कर रहे थे। इसी दौरान बलवान एक बाइक की चपेट में आ गया। इससे उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद बाइक चालक फरार हो गया। सतीश ने अपने बड़े भाई को संभाला और राहगीरों की मदद से खरखौदा के सरकारी अस्पताल की ओर लेकर चला लेकिन रास्ते में बलवान ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। सूचना मिलते ही आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ लाया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतक के भाई सतीश के बयान पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।