चरखी दादरी। गांव जगरामबास में दो दिन पहले जमीन विवाद में दो लोगों की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान मदन और राज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयोग हथियार भी बरामद कर उन्हें कोर्ट के आदेशों पर जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। गांव जगरामबास निवासी रिटायर्ड फौजी कमल सिंह और उसके चचेरे भाई मदन के बीच 15 कनाल जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। करीब चार माह पहले हुई चकबंदी से पहले मदन का परिवार इस जमीन पर खेती करता था। चकबंदी के बाद यह जमीन कमल के हिस्से में आ गई इसके बाद दोनो के बीच विवाद और बढ़ गया रिटायर्ड फौजी कमल सिंह ने केस दायर किया तो जमीन की पैमाइश करवाई गई। पैमाइश के दौरान जमीन कमल सिंह के हिस्से में बताई गई। रविवार को कमल पुलिस की मौजूदगी में खेत की जुताई करने गया था। इसी बीच मदन का परिवार भी वहां पहुंच गया इसी बीच दोनो पक्षों के बीच तकरार बढ़ गई इसी दौरान दोनो ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर 20-22 लोग मौके पर पहुंच गए दोनो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और गोलियां चलीं थीं जिसमें एक पक्ष से युवक सोमबीर व दूसरे पक्ष से विकास को गंभीर चोटें आई। घटना में गोली लगने से घायल सोमबीर और कुल्हाड़ी से हुए हमले में घायल विकास की मौत हो गई थी। इसके अलावा झगड़े में दोनो पक्षों से करीब आठ लोग घायल हो गए थे। सोमवार को पुलिस ने इस संबंध में 22 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि बाढड़ा थाना प्रभारी सूरजभान ने मामले के आरोपी मदन और राज सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार सुबह आरोपियों से पूछताछ के बाद हथियार बरामद किए गए। इसके तुरंत बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।