चरखी दादरी। एटीएम केबिन में पैसे निकलवाने पहुंची दिल्ली रोड निवासी महिला के साथ धोखाधड़ी कर एक व्यक्ति ने उसको एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में उक्त शख्स ने महिला के खाते से तीन बार ट्रांजेक्शन कर बुधवार को 38 हजार की नकदी निकाल ली। महिला को नेट बैंकिंग के जरिए खाते से रुपये निकलने का पता चला और इसके बाद वह सिटी थाने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली रोड निवासी महिला सुचित्रा ने बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकलवाने गई थी। उसके पीछे-पीछे वहां एक व्यक्ति भी पहुंच गया। महिला ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने आते ही उस पर जल्द ट्रांजेक्शन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला ने बताया कि इसी दौरान उसने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। महिला सुचित्रा ने बताया कि बुधवार को उसके मोबाइल पर मैसेज आया। जब उसने मैसेज को चेक किया तो उसके खाते से करीब 38 हजार रुपये निकालने की पुष्टि हुई। इसके बाद महिला ने अपना खाता बंद करवा दिया। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब उसने नेट बैंकिंग से खाते की राशि जांची तो 38 हजार रुपये निकलने की पुष्टि हुई। महिला ने बताया कि उक्त शख्स ने उसके खाते से एक में ट्रांजेक्शन 20 हजार की, दूसरी में 16 हजार की और तीसरी में दो हजार रुपये निकाले हैं। पुलिस ने उसकी शिकायत पर संज्ञान लेकर बुधवार को ही इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।