बहादुरगढ़। घर से हरिद्वार जाने के लिए निकले सोनीपत निवासी एक युवक का शव बहादुरगढ़ इलाके से गुजर रही एनसीआर माइनर में मिला है। परिजनों के बयान पर पुलिस ने घटना को इत्तफाक मानकर कार्रवाई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। बहादुरगढ़ उपमंडल के गांव खेड़ी जसोर से गुजर रही एनसीआर माइनर के किनारे एक शव अटका हुआ था। वहां से गुजर रहे एक किसान की नजर पड़ी तो उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के माध्यम से उसकी पहचान 34 वर्षीय अमित कुमार निवासी महलाणा सोनीपत के तौर पर हुई। पुलिस बॉडी को नागरिक अस्पताल ले आई और परिजनों को सूचना दे दी। देर शाम मृतक के परिजन पहुंचे। जानकारी के मुताबिक, अमित 14 अप्रैल को हरिद्वार जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद उसका परिजनों से संपर्क नहीं है। उसे मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। आशंका है कि जब वह नहर की तरफ गया तो उसका पांव फिसल गया और डूब गया। बहकर शव खेड़ी जसोर तक पहुंच गया। असल कारण क्या है ये जांच का विषय है। मामले के जांच अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि फिलहाल परिजनों के बयान पर घटना को इत्तफाक मानकर कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।