अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। शहर की इंदिरा मार्केट में स्थित एक गिफ्ट गैलरी को वीरवार की रात चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर दुकान से न केवल गिफ्ट बल्कि काफी सामान चोरी कर ले गए। दुकान मालिक की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में दुकान मालिक नई बस्ती निवासी मनीष गुप्ता ने बताया है कि वीरवार की शाम करीब 8 बजे वह अपनी दुकान को सही तरीके से बंद करके गया था। शुक्रवार की सुबह पड़ोसियों ने इस बारे में उसे सूचना दी। जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर पर लगा ताला टूटा हुआ था। इस पर उसे दुकान में चोरी का आभास हुआ। मनीष ने दुकान के अंदर पहुंचकर देखा तो दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच की गई तो पता चला कि दुकान के अंदर रखे कई सारे परफ्यूम, गिफ्ट आइटम, तिजोरी में रखे कुछ पैसे, आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी हुई मिली। इसकी शिकायत उसने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है मगर अभी चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है।