सड़क पर बाइक के सामने आया पशु, चालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव बाछड़ी के समीप सोमवार रात बाइक के सामने अचानक पशु के आने से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। नगर के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस के अनुसार गांव मंदौला निवासी सुखविंद्र अपनी बहन से मिलने गांव लाड गया था। सोमवार रात करीब 10 बजे जब वह बाइक से लौट रहा था तो गांव बाछड़ी के पास बाइक के सामने अचानक पशु आ गया। इसमें बाइक गिर गई उसे गहरी चोट आई। आसपास के लोगों ने उसे संभाला। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसे दादरी के सिविल अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।