हत्या कर नहर में फेंके गए शव की चार दिन बाद भी शिनाख्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
मानहेरू माइनर में हत्या कर फेंके गए शव की चार दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक युवक के सिर में चोट के निशान और गले में लोहे का तार बंधा हुआ मिला था। इसके बाद पुलिस ने बेलदार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। गत वीरवार को गांव हिंडोल के समीप माइनर से एक युवक का शव बरामद हुआ था। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी। मृतक के दाहिने हाथ पर लाल रंग का धागा बंधा हुआ था। मृतक के शरीर पर चोटों को देखकर हत्या का अंदेशा जाहिर हो रहा था। लाश बरामदगी के बाद चार दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। इस बारे में एसएचओ उप निरीक्षक विक्रम ने बताया कि पुलिस ने पंपलेट छपवाकर सभी पुलिस थानों और चौकियों में भेज दिए हैं। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है। शिनाख्त के बाद ही पुलिस हत्या के मामले का खुलासा कर सकेगी।