अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
लुटेरा गिरोह सदस्यों ने शनिवार रात और रविवार को दादरी व महेंद्रगढ़ जिलों में हथियार के बल पर आधा दर्जन वारदातों को अंजाम दिया। बाढड़ा उपमंडल के माई कलां स्थित एक घर से इन्होंने वारदात शुरू की। इसके अलावा बड़राई शराब ठेके और बिलावल होटल पर रविवार दिन दहाड़े इन्होंने लूटपाट कर दहशत फैला दी। महेंद्रगढ़ स्थित एक स्कूल के गार्ड से भी इन्होंने रिवाल्वर छीन ली। पीड़ितों ने मामले की शिकायत बाढड़ा और महेंद्रगढ़ थानों में दर्ज कराई है। दादरी जिला पुलिस ने वारदातों की सूचना मिलते ही नाकेबंदी कर दी है। देर शाम तक लुटेरों का सुराग नहीं लग पाया था। बाढड़ा थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे गिरोह सदस्य माईकलां निवासी रमेश के मकान में घुसे। यहां इन्होंने कमरों में रखे सामान को संभाल कर सोने के जेवरात चोरी कर लिए। मकान मालिक रमेश कुमार की आंख खुलने पर ये मौके से फरार हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसके बाद लुटेरा गिरोह के सदस्य गांव जगरामबास पहुंचे। वहां ये वारदात को अंजाम देने में असफल रहे और इसके बाद से बड़राई स्थित एक शराब ठेके पर पहुंचे। पुलिस को दी शिकायत में ठेका संचालक सतपाल ने बताया कि हथियार के बल पर लुटेरे उसका मोबाइल और करीब सात हजार रुपये की नकदी लूट ले गए। बताया जा रहा है कि इसके बाद इन्होंने महेंद्रगढ़ समीप स्थित एक स्कूल में भी वारदात को अंजाम देेने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद इन्होंने महेंद्रगढ़ स्थित एक निजी स्कूल में घुसकर गार्ड की पिस्तौल छीन ली। सोमवार सुबह ये फिर से बाढड़ा क्षेत्र में पहुंच गए। यहां इन्होंने एक होटल पर खाना खाकर पिस्तौल के बल पर लूटपाट भी की। होटल संचालक गांव हड़ौदी निवासी विजय ने बताया कि लुटेरा गिरोह के सदस्यों ने उसके होटल पर करीब साढ़े 11 बजे खाना खाया और जब उसने रुपये मांगे तो गिरोह के गुर्गों ने उस पर पिस्तौल तान दी। होटल संचालक विजय ने बताया कि खाने के रुपये देने की बजाय वो उससे करीब दो हजार रुपये की नकदी भी लुट ले गए। सभी पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
मामले पुलिस के संज्ञान में आया है। पीड़ितों की शिकायत पर मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। हमने क्षेत्र में नाकाबंदी कर रखी है। जल्द से जल्द पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
मंजीत अहलावत, पुलिस प्रवक्ता