अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां। अचीना रोड पर बाइक सवार दो युवकों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गांव अचीना निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दूसरा साथी घायल हो गया। घायल को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। बौंदकलां थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम चरखी दादरी सिविल अस्पताल में कराया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार सुबह गांव अचीना निवासी नितिन (20) बाइक दादरी स्थित एक कंप्यूटर सेंटर पर जाने के लिए बाइक पर घर से चला था। गांव का ही युवक अशोक भी खेत में जाने के लिए उसके साथ बाइक पर बैठ गया। अचीना ताल चौकी से पहले ही एक बोलेरो पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए। घटना में नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक अशोक कुमार को उपचार के लिए परिजन सामान्य अस्पताल में लेकर गए। जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही बौंदकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए औरे शव का पोस्टमार्टम कराया।