गांव मंदोला स्थित हितकारी विद्या मंदिर के चेयरमैन डॉ. विजय सांगवान ने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के कारण निजी स्कूल बसों के पूरे कागजात होने के बाद भी इंपाउंड किया जा रहा है। वीरवार को प्रशासन की तरफ से करीब दर्जनभर स्कूल बसों को पूरे कागजात होने के बावजूद भी इंपाउंड किया गया। उन्होंने बताया कि स्कूल छुट्टी के बाद बस विद्यार्थियों को घर छोड़ने के लिए दादरी बाईपास से गुजर रही थी। इसी दौरान आरटीओ कार्यालय के कर्मचारियों ने बस को रुकवा लिया। चालक ने बस के पूरे कागजात उपलब्ध करवा दिए लेकिन इसके बाद भी स्कूल बस को इंपाउंड कर दिया गया। डा. सांगवान ने बताया कि जब उन्होंने इंस्पेक्टर संदीप सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते स्कूल बसों को इंपाउंड किया गया है। अगर जरूरत पड़ी तो शुक्रवार को स्कूल बसों को लोकल रूटों पर सवारियों के लिए प्रयोग किया जाएगा। सांगवान ने कहा कि इस बात का विरोध किया तो इंस्पेेक्टर ने विभाग के उच्चाधिकारियों से बात करने के लिए कहा। इसके बाद जब एडीसी मनोज कुमार से बात की गई और उन्हें स्थिति से अवगत करवाया। एडीसी मनोज कुमार ने कर्मचारियों से इंपाउंड करने का कारण जानकर बताया कि बस का इंश्योरेंस की तिथि खत्म हो चुकी है। डा. सांगवान ने बताया कि बस का इंश्योरेंस है तथा आरटीओ कार्यालय कर्मचारियों को उपलब्ध करवा दिया गया था और इसके बावजूद भी बस को इंपाउंड कर दिया गया।