अमर उजाला ब्यूरो
बेरी। थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव जहाजगढ़ में मानसिक रूप से परेशान बुजुर्ग ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद बेरी पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाया गया। जानकारी के अनुसार गांव जहाजगढ़ निवासी श्रीभगवान पुत्र देशाराम पिछले करीब 6 साल से बीमार चल रहा था। श्रीभगवान का बेटा जगदीश नेवी में है। करीब 2 माह पहले मुंबई के आर्मी अस्पताल में श्रीभगवान के हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन होने के बाद से ही श्रीभगवान मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। मंगलवार को श्रीभगवान ने पशुओं के चारे के लिए बनाए गए कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जांच अधिकारी एएसआई हरिओम ने बताया कि गांव जहाजगढ़ में मानसिक रूप से परेशान बुजुर्ग ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लेने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची ओर शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया। बुधवार को झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।