अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। कबलाना गांव के पास मंगलवार रात करीब 9 बजे एक भट्ठा व्यवसायी के सिर पर डंडा मारकर पांच लाख रुपये लूट लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को भट्ठे से आए उसके रिश्तेदार सुरेंद्र ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। जानकारी के अनुसार डाबौदा खुर्द गांव निवासी सुरेंद्र मंगलवार रात 9 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर कबलाना में अपने भट्ठे से अपने गांव के लिए निकला था। इस दौरान उसके पास पांच लाख रुपये का कैश भी था। जब वह कबलाना गांव के श्मशान घाट के पास पहुंचा तो वहां खड़े दो युवकों ने उसके सिर पर डंडा मारकर गिरा दिया। गिरने के बाद आरोपियों ने उस पर लाठियों से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के पास से आरोपी पांच लाख रुपये कैश का बैग छीनकर फरार हो गए। वहीं पुलिस इस मामले को लूट और रंजिश की एंगल से जांचने में जुटी हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि भट्ठा व्यवसायी की किन्हीं लोगों के साथ रंजिश तो नहीं चल रही थी, जिसके चलते उस पर हमला किया गया हो।
मौत से जूझ रहा है पीड़ित
घायल सुरेंद्र को निजी अस्पताल में लाया गया था। यहां गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए परिजनों को कहा था। इसके बाद सुरेंद्र को गंभीर हालत में गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां वह फिलहाल मौत से जूझ रहा है। पीड़ित सुरेंद्र बेहोश है, पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है।
पार्टनर बोला
गांव मुंडाखेड़ा के अनिल पुत्र बनी सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने गांव डाबोदा खुर्द के सुरेंद्र के साथ गांव कबलाना में डीडीआर व जेबीसी भट्ठे हिस्सेदारी में ले रखे हैं। मंगलवार रात को उसका पार्टनर सुरेंद्र भट्ठे से पांच लाख रुपये की रकम थैले में लेकर अपनी बाइक से निकला था। जैसे ही वह गांव कबलाना के श्मशान घाट के पास पहुंचा तो उसी दौरान कुछ लुटेरे आए और उन्होंने सुरेंद्र के साथ मारपीट करते हुए उससे पांच लाख रुपये छीन लिए।
भट्ठा कारोबारी पर हमला कर लूटपाट करने के मामले में हत्या के प्रयास व लूट का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित के होश में आने पर जांच को गति मिलेगी। वहीं कॉल डिटेल व दूसरे माध्यमों से अभी जांच चल रही है।
वेदपाल, एसएचओ, सदर झज्जर।