बहादुरगढ़। गांव आसौदा स्थित जेएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बस ड्राइवर ने स्कूल के छात्र को डंडा मार दिया। बच्चे ने घर जाकर परिजनों को अवगत कराया तो मामले ने तूल पकड़ लिया। परिजनों ने ड्राइवर पर बेवजह मारपीट करने और स्कूल प्रबंधन पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में बच्चे के पिता ने आसौदा चौकी में शिकायत दे दी है।
गांव जसोरखेड़ी के निवासी वीरेंद्र ने का कहना है कि उसका बेटा ईशु उक्त स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता है। वीरवार को बच्चे स्कूल के ग्राउंड में खेल रहे थे। ईशु भी उनके साथ खेल रहा था। इसी दौरान ड्राइवर प्रेम ने आकर ईशु की कमर में तेज डंडा मारा। छुट्टी के बाद घर आकर ईशु ने सारी बात बताई। उन्होंने देखा तो ईशु की कमर में डंडे का निशान था। फिर उन्होंने ईशु को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को जब वह स्कूल में गया तो स्कूल प्रमुख ने उक्त बस ड्राइवर को नहीं बुलाया। गलती मानने के बजाय स्कूल प्रमुख ने उसके साथ ही गलत व्यवहार किया। बकौल वीरेंद्र, यदि डंडा बच्चे की रीढ़ की हड्डी पर लगता तो चोट गंभीर हो सकती थी। यदि बच्चे से अगर कोई गलती हुई भी हो तो इस तरह डंडा मारना कहां जायज है। उन्होंने इस संबंध में आसौदा पुलिस चौकी में शिकायत दे दी है। उन्हें भरोसा है कि इस संबंध में पुलिस उपयुक्त कार्रवाई करेगी। उधर, आसौदा चौकी प्रभारी सूरजभान ने कहा कि फिलहाल उनके पास लिखित में कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आती है तो कार्रवाई जरूर की जाएगी।