अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा।
बिजली किल्लत को लेकर सड़क मार्ग पर जाम लगाने के आरोप में बाढड़ा पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए करीब 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ज्ञात रहे शुक्रवार को गांव रामबास में ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर दादरी-सतनाली मार्ग पर जाम लगाया था। ग्रामीण रूदड़ोल सब स्टेशन की बजाए झोझू कलां से लाइन जोड़ने की मांग कर रहे थे। बाद में एसडीओ ने मौके पर जाकर ग्रामीणों को समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया तब जाकर जाम खोला जा सका था।
ग्रामीणों की शिकायत थी कि पिछले दिनों झोझू बस स्टेशन का ट्रांसफार्मर जलने पर उनके गांव की बिजली आपूर्ति रूदड़ोल से शुरू कर दी थी। इसके जरिए पर्याप्त मात्रा में बिजली नहीं मिल पा रही है। गर्मी में लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसे लेकर लोगों ने दादरी- सतनाली मार्ग पर जाम लगा दिया था। बाद में बिजली विभाग बाढड़ा के एसडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था। जिला पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने जाम लगाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।