शिक्षक ने ट्यूशन जा रहे आठवीं के छात्र को पीटा, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
गांव ऊण निवासी एक छात्र ने अपने शिक्षक पर मारपीट का आरोप लगाकर लिखित शिकायत पुलिस को दी है। बौंदकलां थाना पुलिस ने इस संबंध में शिक्षक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में छात्र आयुष ने बताया कि वह 8वीं कक्षा में पढ़ता है और उसने अपना ट्यूशन लगवा रखा है। छात्र के अभिभावकों का आरोप है कि 24 नवंबर को शिक्षक सुमित कुमार निवासी बौंदकलां ने आयुष को घर जाने से पहले रोककर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आयुष ने मामले की सूचना घर पहुंचकर परिजनों को दी। पुलिस ने छात्र आयुष के बयान पर शिक्षक सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ विक्रम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।