बहादुरगढ़। बीती रात गांव बामनोली के एक मकान में चोरी हो गई। चोरों यहां से सवा तीन लाख रुपये सहित काफी सोने चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। लाइनपार थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बामनोली के निवासी सोमवीर ने कहा है कि रविवार की रात को खाना खाने के बाद वे सो गए। सुबह आंख खुली तो सामने वाला कमरा खुला था। अंदर देखा तो कमरे का सारा सामान बिखरा था और अलमारी खुली थी। जांच करने पर अलमारी से 70 हजार रुपये, सोने का सेट, एक बाली, चार सोने के कंगन, एक चेन, चार अंगूठी, एक जोड़ी झुमके, एक चांदी की तागड़ी, तीन जोड़ी पायल, पांच चुटकी गायब थे। इसके बाद नीचे गए तो वहां भी कमरों में सामान अस्त-व्यस्त था। नीचे कमरे में एक अलमारी से ढाई लाख रुपये नहीं मिले।
उधर, सूचना मिलते ही लाइनपार थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। लाइनपार थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि सोमवीर की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चोरों का सुराग लगाया जा रहा है। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद करने का प्रयास है।