शराब ठेके के कारिंदे ने लगाया मारपीट कर नकदी छीनने का आरोप, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। रासीवास शराब ठेके के कारिंदे से मारपीट कर नकदी छीनने का मामला प्रकाश में आया है। घायल कारिंदे ने दो परिचितों पर ही वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में डोहकी निवासी बिजेंद्र ने बताया कि वह रासीवास गांव स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। रविवार शाम जब वह किसी काम से शराब ठेके से बाहर निकला तो दो लोग उससे शराब की बोतल मांगने लगे। जब उसने उन्हें पैसे देने की बात कही तो उक्त युवक उससे गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर उक्त युवकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी और अंदर रखा गल्ला लेकर मौके से फरार हो गए। बिजेंद्र ने बताया कि गल्ले में रखी 4500 की नकदी सहित आरोपी शराब की बोतल भी ले गए। इसी दौरान डोहकी निवासी जितेंद्र और रोहतक निवासी विकास उसका खाना देने ठेके पर आ गए। उसने उन दोनों को घटना की जानकारी दी तो ग्रामीणों की मदद से आरोपियों को पकड़कर पुलिस थाने ले आए और उन्हें सदर थाना पुलिस को सौंप दिया। वहीं, घायल सेल्समैन को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने घायल सेल्समैन के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।