अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गांव पाटोदा में राव तुलाराम की नव स्थापित प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने कई जगह से खंडित कर दिया। प्रतिमा खंडित होने से यादव समाज में रोष फैल गया। हालांकि घटना के बाद गण्यमान्य लोगों व समाज के जिला प्रधान की अपील पर यादव समाज के लोगों ने घटना को लेकर किसी भी प्रकार का कोई प्रदर्शन नहीं किया। यादव समाज के लोगों ने दोषियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पाटोदा में राव तुलाराम की प्रतिमा तोड़ने की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस प्रतिमा का अभी अनावरण भी नहीं हुआ था। फिलहाल प्रतिमा के आधार स्थल का निर्माण कार्य चल रहा था और प्रतिमा को इस आधार स्थल पर स्थापित भी कर दिया गया था। लेकिन प्रतिमा खंडित कर दी गई।
बताया गया कि गांव के खेल स्टेडियम में यह प्रतिमा लगाए जाने का क्षेत्र के एक समाज की तरफ से पहले ही विरोध हुआ था। लेकिन गांव की पंचायत द्वारा प्रस्ताव पास किए जाने के बाद प्रतिमा का निर्माण कार्य शुरू किया गया था।
घटना के बाद से जिला प्रशासन भी सकते में आ गया है। जिला उपायुक्त सोनल गोयल ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए एसडीएम को जांच की जिम्मेवारी सौंपी है। जिला पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन ने घटना को लेकर जिला पुलिस को मामले में सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
अनावरण से पहले पाटोदा में राव तुलाराम की प्रतिमा तोड़ी, यादव समाज में आक्रोश
-प्रतिमा को कई एक नहीं कई जगहों से किया प्रतिमा को खंडित
-घटना के बाद से यादव समाज में रोष, पुलिस जांच में जुटी