अमर उजाला ब्यूरो
बादली।
पिछले तीन दिनों से बादली तहसील में तहसीलदार कंवल सिंह यादव व वहां के कानूनगो के बीच चल रहे विवाद का हल शुक्रवार को भी नहीं निकल पाया। हालांकि इस मामले को सुलझाने के लिए बादली के एसडीएम त्रिलोक चंद की ड्यूटी जिला प्रशासन की तरफ से लगाई गई थी जिसके बाद सभी पटवारी झज्जर के लघु सचिवालय से चले गए, मगर बादली तहसील में काम पर नहीं पहुंचे। ऐसे में पूरा दिन पटवारखाने पर ताला लटका रहा और ग्रामीणों का कामकाज संबंधी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं दूसरी ओर तहसीलदार कंवल सिंह यादव सोमवार से छुट्टी पर रहेंगे।
एसडीएम त्रिलोकचंद्र ने झज्जर में आंदोलन कर रहे पटवारियों के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत की और मामले को सुलझाने के लिए सहमति बनाने का प्रयास किया। बाद में तहसीलदार कंवल सिंह के छुट्टी जाने की जानकारी मिलते ही सभी पटवारियों ने कामकाज पर लौटने का आश्वासन एसडीएम को दिया और सचिवालय से चले गए। लेकिन शाम ढलते-ढलते न तो पटवारी ही अपने बादली स्थित पटवार भवन मेें पहुंचे और न ही उन्होंने कोई काम किया। इतना जरूर हुआ कि आंदोलनरत जो पटवारी शुक्रवार की सुबह झज्जर लघु सचिवालय में तहसीलदार कंवल सिंह यादव के खिलाफ धरना देकर नारेबाजी कर रहे थे वे अपने धरने को समाप्त कर वहां से जरूर उठकर चले गए। अगले दो दिन सरकारी छुट्टी रहेगी। सोमवार को ही इस बात का पता चल पाएगा कि पटवारियों को तहसीलदार के खिलाफ चल रहा आंदोलन समाप्त हुआ या नहीं। बता दें कि दो दिन पूर्व बादली के तहसीलदार व वहां के कानूनगो के बीच हाजिरी लगाए जाने व बाद में मामला पुलिस में चले जाने के चलते जिलेभर के पटवारी हड़ताल पर चले गए थे।
चर्चाएं जोरों पर
एक ओर जहां प्रशासन ने मामले का निपटाने का दावा कर रही है वहीं दूसरी ओर आम लोगों में चर्चाएं जोरों पर हैं कि आखिर गलती किसकी है। मामले के अनुसार पटवारियों की लेटलतीफी पर संज्ञान लेना अधिकारियों को भारी पड़ रहा है तो सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिएं। वहीं दूसरी ओर तीन दिन से तहसील में कामकाज ठप होने में गलती किसकी है। कामकाज ठप होने से लोगों को तीन दिन से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं एसडीएम
बादली के एसडीएम त्रिलोकचंद्र का कहना है कि पटवारियों और तहसीलदार के बीच समझौता हो गया है। समझौते के अनुसार पटवारियों ने काम पर लौटने का आश्वासन दिया है। हालांकि तहसीलदार और पटवारियों के बीच कोई बड़ा मामला नहीं है और एक छत के नीचे काम करने में कई बार थोड़ा मनमुटाव हो जाता है जिस पर आपस में ही झुलसा लिया गया है।
एसडीएम के मनाने पर भी काम पर नहीं लौटे पटवारी
-प्रशासन का दावा-मामला सुलझा,
तहसीलदार ने संभाला कामकाज तो पटवारी रहे लापता
-तहसीलदार कंवल सिंह यादव गए छुट्टी पर