अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
लाइनपार क्षेत्र स्थित एक मकान में शुक्रवार को चोरी हो गई। चोरों ने मकान से आभूषण, नकदी एवं अन्य कीमती सामान चुरा लिया। पीड़ित की शिकायत पर लाइनपार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाइनपार के शंकर गार्डन का निवासी राज कुमार शुक्रवार को परिवार सहित अपने एक बीमार परिचित का हाल-चाल जानने के लिए दिल्ली गया था। देर शाम को वे वापस लौटेे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर भी कमरों के दरवाजे खुले थे। सारा सामान अस्त-व्यस्त था। जांच के दौरान एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, 4 सोने की अंगूठियां, चांदी के सिक्के व 2500 रुपये की नकदी सहित अन्य सामान गायब मिला। पीड़ित राजकुमार ने कहा कि चोरों ने दिन दहाड़े उसके घर में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस जल्द चोरों को गिरफ्तार कर सामान बरामद करे। बता दें कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदात से लोगों में भय का माहौल है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पांच दिन में पांच चोरी
क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते चार दिनों में लगातार चार स्थानों पर चोरी हो चुकी है। गत 13 नवंबर को नाहरा, नाहरी रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर में चोरी हुई थी। इससे अगले दिन 14 नवंबर को शिव चौक स्थित दो मकानों में आभूषण, मोबाइल और नकदी की चोरी हुई। 15 नवंबर की रात को पटवार खाने में बेहद जरूरी दस्तावेजों की चोरी हुई। 16 नवंबर की रात को रोहतक-दिल्ली रोड पर सदर थाने के पास स्थित ज्वेलरी शोरूम में आभूषणों की चोरी हुई। 17 नवंबर को लाइनपार के शंकर गार्डन स्थित मकान में चोरी हुई। इसके अलावा एक महीने के अंतराल में शहर में दर्जनभर चोरी हुई हैं। इनमें से कोई भी वारदात सुलझ नहीं पाई है।
वर्जन
उधर, लाइनपार थाना पुलिस प्रभारी एसआई कुलबीर सिंह ने कहा कि मकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पांच दिन में पांच वारदात, एक भी ट्रेस नहीं कर पाई पुलिस
दिल्ली में बीमार रिश्तेदार से मिलने गया था परिवार, घर से आभूषण और नकदी समेट ले गए चोर
चोरी की बढ़ती वारदात से लोगों में भय का माहौल