अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
स्वयं को सीएम फ्लाइंग का अधिकारी बताकर वाहन चालकों से अवैध वसूली के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी ने रिमांड के दौरान अपने साथी का नाम उजागर किया है। अवैध वसूली के खेल में चरखी निवासी हैप्पी भी शामिल था। पुलिस रिमांड में किए अगर अजय के खुलासे पर नजर डालें तो हैप्पी की वह केवल मदद करता था जबकि वाहन चालकों से डील हैप्पी ही करता था। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि अजय ने कबूल किया है कि वह तो केवल इसी वारदात में शामिल था जबकि हैप्पी अन्य वारदातों का भी खुलासा कर सकता है। इसके बाद सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान ने हैप्पी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। पुलिस को अन्य वारदातों के खुलासे का भी अनुमान है।
गौरतलब है कि वीरवार रात गांव इमलोटा निवासी युद्धवीर ट्रक लेकर सब्जी मंडी के पास से गुजर रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति ने उसके ट्रक को रुकवाकर उसे नीचे उतार लिया। युद्धवीर के सामने उक्त व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का अधिकारी बताया और युद्धवीर 20 हजार रुपये मांगे। जब युद्धवीर ने रुपये देने से इंकार कर दिया तो अवैध वसूली करने वाले शख्स ने उसके ट्रक को इंपाउंड करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद सिटी थाना पुलिस ने मेजबान चौक के समीप रहने वाले अजय को इस संबंध में काबू कर दो दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि आरोपी ने चरखी निवासी हैप्पी की भी मामले में भूमिका बताई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अजय ने पुलिस को बताया कि उसने तो पहले दफा ही हैप्पी के साथ मिलकर यह वारदात की है। हैप्पी ही अन्य खुलासे कर सकता है।