अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। मेजबान चौक के समीप बाइक के पास खड़े एक व्यक्ति को आई-20 कार ने टक्कर मार दी। घटना में हड़ौदा कलां निवासी डालूराम घायल हो गया। उसे पहले दादरी सिविल अस्पताल में फिर भिवानी सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। भिवानी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल के बयान पर पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में घायल डालूराम ने बताया कि मंगलवार सुबह दस बजे वह अपने बेटे नसीब के साथ बाइक पर मेजबान चौक की तरफ गया था। डालूराम ने बताया कि वहां उसका बेटा सड़क किनारे बाइक खड़ी कर काम निपटाने चला गया। वह बाइक के पास खड़ा था कि इसी दौरान एक आई-20 कार रांग साइड में आई और उसे टक्कर मार दी। घटना में उसे चोट लगी है। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस बयान में घायल ने बताया कि इसके बाद कार चालक उतरकर उसके पास आया और फिर राहगीरों ने उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे भिवानी सिविल अस्पताल ले गए। सिटी पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।