बहादुरगढ़। प्लॉट के सामने कूड़ा डालने को लेकर गांव भापड़ोदा के दो परिवारों में झगड़ा हो गया। यहां एक पक्ष ने लाठी और फावड़े से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसमें परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। इन्हें शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पक्ष की शिकायत पर आसौदा थाने में दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में भापड़ोदा निवासी वीरेंद्र ने कहा है कि वीरवार को उनके प्लॉट के सामने गांव के कुछ लोग मिट्टी व कूड़ा डाल रहे थे। उसकी पत्नी सुमन, बेटे अंकित व सचिन ने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों घर आ गए। कुछ ही देर में पीछे-पीछे उक्त लोग भी आ गए। इनके हाथ में लाठी और फावड़े भी थे। भीतर आते ही इन्होंने हम लोगों पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग और आए उन्होंने बीच बचाव किया। इस हादसे में वह, पत्नी सुमन व दोनों बेटे घायल हो गए। उक्त हमलावर जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गए। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे। मारपीट का आरोप गांव निवासी राजपाल, विजयपाल, प्रदीप, दीपक व तीन महिलाओं पर है। मांडोठी चौकी पुलिस प्रभारी राकेश ने कहा कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर पूछताछ की जाएगी।